भाजपा की ऑनलाइन सदस्यता में बिल्हौर विधायक ने किया टॉप
- क्षेत्रीय कार्यालय ने जारी की सूची, शिवराजपुर नगर पंचायत अध्यक्ष ने बनाए मात्र 20 सदस्य
- सांसद को 20, विधायक को 10, ब्लाक प्रमुख को 5, नगर पंचायत अध्यक्ष को 5 हजार बनाने थे सदस्य
- कई जिला पंचायत सदस्यों ने सदस्यता अभियान में नहीं ली रुचि, रडार पर
Rahul Tripathi
बिल्हौर। विधानसभा क्षेत्र में बीते करीब दो माह से भाजपा द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन ढंग से पार्टी सदस्यता दिलाने के लिए घर-घर अभियान चलाया जा रहा था, इसमें संगठन के पदाधिकारियों सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों व कई अन्य प्रमुख पदों को जिम्मेदारी संभाल रहे भाजपाइयों को लक्ष्य सौपा गया था। भाजपा कानपुर ग्रामीण में बिल्हौर विधायक ने सर्वाधिक 14683 सदस्य जबकि सबसे कम नगर पंचायत शिवराजपुर की अध्यक्ष निर्मला कटियार ने मात्र 20 सदस्य बनाए गए हैं।
भाजपा कानपुर बुंदेलखंड द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि जिला पंचायत सदस्य घेमऊ अवकाश सिंह द्वारा 450 सदस्य, जिला पंचायत सदस्य चौबेपुर अश्वनी दीक्षित द्वारा 220, ब्लॉक प्रमुख चौबेपुर राजेश शुक्ला द्वारा 5,200 सदस्य, ब्लाक प्रमुख शिवराजपुर शुभम बाजपेई द्वारा 2800 सदस्य, ब्लॉक प्रमुख बिल्हौर मनोरमा कठेरिया द्वारा सिर्फ 537 ही बनाए गए हैं। उधर जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण द्वारा 10240 ऑनलाइन सदस्य बनाए गए हैं। भाजपा द्वारा जारी सदस्य बनाने की सूची में कई अन्य जनप्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारी के नाम अभी गायब हैं। उधर भाजपा कानपुर ग्रामीण के प्रभारी राधेश्याम पांडे ने बताया कि बिल्हौर विधायक ने सदस्यता अभियान में अच्छा काम किया है, जो सूची अभी आई है उसमें मैनुअल ढंग से बनाए गए सदस्यों की गणना नहीं है। बताया कि पार्टी सांसद को 20 हजार, विधायक को 10 हजार, नगर पंचायत अध्यक्ष को 5000, ब्लाक प्रमुख को 5 हजार, जिला पंचायत सदस्य को 5000 सदस्य बनाने का जिम्मा सौंपा गया था। अच्छा काम करने वाले सम्मानित होंगे और जिन्होंने ने रुचि नहीं दिखाई उन पर भी संगठन काम करेगा।

टिप्पणियाँ